एबीएन न्यूज नेटवर्क, बरोरा (धनबाद)। दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बरोरा पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है। बरोरा थानेदार अभय कुमार ने गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मुराइडीह कॉलोनी, हरिणा बगान कॉलोनी, बरोरा, टुंडू सहित अन्य पूजा स्थलों का दौरा किया। इस दौरान थानेदार ने पूजा समितियों के सदस्यों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
उन्होंने पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूजा पंडालों में पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरे और भीड़ को नियंत्रित करने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अभय कुमार ने डीजे पर पूरी तरह पाबंदी और तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने से परहेज करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पूजा समितियों से शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। थानेदार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि पूजा के रंग में भंग डालने या कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।