- कतरास में दुर्गा पूजा को लेकर कतरास पुलिस अलर्ट, पंडालों का किया निरीक्षण
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर कतरास पुलिस अलर्ट मे है। गुरुवार को धनबाद ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब एवं कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन रास्तों की स्थिति देखी। पूजा समितियों के पदाधिकारियों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने पूजा समितियों को विशेष रूप से पंडाल परिसर और आसपास भीड़ को नियंत्रित करने, आपात स्थिति में रास्ते खुले रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। किसी भी तरह की परेशानी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का निर्देश भी दिया।
कतरास पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रमुख पूजा स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ निगरानी और गश्त बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। कतरास पुलिस की सक्रियता से यह साफ है कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।