- देश की राजनीतिक अपेक्षाओं पर चर्चा करेंगे देवेंद्र नाथ महतो
- दो दिवसीय इंडिया टुडे कॉन्क्लेव-2026 कल से होगी आरंभ
टीम एबीएन, रांची। देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान इंडिया टुडे समूह द्वारा दो दिवसीय इंडिया टुडे कॉन्क्लेव मुंबई-2026 का आयोजन होने जा रही है। यह आयोजन 9 एवं 10 अक्टूबर को मुंबई स्थित द फोर सीजन्स होटल में किया जा रहा है।
कॉन्क्लेव में देश की राजनीति, अर्थव्यवस्था, युवा नेतृत्व, सामाजिक परिवर्तन, प्रौद्योगिकी तथा समकालीन राष्ट्रीय मुद्दों पर देश की प्रमुख एवं सुप्रसिद्ध हस्तियां अपने विचार व्यक्त करेंगी। इस कॉन्क्लेव में झारखंड के युवा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र नाथ महतो को भी आमंत्रित किया गया है। वे कॉन्क्लेव के प्रथम दिन आयोजित विशेष सत्र व्हाट्स ऑन यंग इंडियाज़ पॉलिटिकल विशलिस्ट में सहभागी होंगे।
इस सत्र में युवाओं की राजनीतिक अपेक्षाओं, लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी, नई पीढ़ी की प्राथमिकताओं तथा देश की राजनीति में आवश्यक बदलाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कॉन्क्लेव में भाग लेने से पूर्व देवेंद्र नाथ महतो 8 अक्टूबर को मुंबई के भारतवन गार्डन, अंधेरी ईस्ट में प्रवासी मजदूरों को संबोधित करेंगे।
इसके पश्चात देर शाम बेलापुर में आदर्श श्रमिक एकता सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित श्रमवीर संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर श्रमिकों से संवाद करेंगे तथा उनके विभिन्न मुद्दों और अपेक्षाओं पर चर्चा करेंगे। उल्लेखनीय है कि देवेंद्र नाथ महतो झारखंड के युवाओं, विद्यार्थियों तथा रोजगार एवं शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रूप से आंदोलनरत रहे हैं।
वे युवाओं की आकांक्षाओं, रोजगार के अवसरों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा झारखंड के अधिकारों से जुड़े विषयों को निरंतर आंदोलनरत रहे हैं। आज गुरुवार को श्री महतो मुंबई के कार्यक्रमों में शरीक होने के लिए अपने सहयोगी टीम के साथ फ्लाइट से रवाना हो चुके हैं।