- बाघमारा : पूजा में सुरक्षा को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, बाजारों पर रहेगी पैनी नजर
- पुलिस गश्त बढ़ाने, CCTV मॉनिटरिंग और नाइट गार्ड की निगरानी पर जोर
- संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल सूचना देने की अपील
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा/बरोरा। दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट मोड में है। हरिणा स्थित दीवान पैलेस में हरिणा-बाघमारा चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक में पूजा के दौरान बाजारों और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों और व्यापारियों के बीच मंथन हुआ।
बैठक में पुलिस गश्त बढ़ाने, नाइट गार्ड की नियमित निगरानी, CCTV कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई को लेकर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
कतरास इंस्पेक्टर रुस्तम अंसारी, बरोरा थाना प्रभारी अभय कुमार और बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि पूजा के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने के कारण सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी जरूरी है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने पर भी जोर दिया। साथ ही व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में लगे CCTV कैमरों को चालू और प्रभावी रखने तथा नाइट गार्ड की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की सलाह दी गई।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, सचिव सुबोध गुप्ता, शशिकांत शरण रवानी, सुभाष वर्णवाल, सुरेंद्र वर्णवाल, मनोज वर्णवाल, पवन गुप्ता, कुमुद पाठक, संजय साव, दीपक गुप्ता, शंभू चौहान, दिलीप गुप्ता, श्रवण सिंह, मनीष वर्णवाल, उमेश वर्णवाल, श्याम वर्णवाल समेत अन्य व्यापारी उपस्थित थे।