- सीएम की मां के निधन पर धीरज प्रसाद साहू ने जताया गहरा शोक
- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी रूपी सोरेन के निधन पर धीरज प्रसाद साहू ने जताया गहरा शोक
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी श्रीमती रूपी सोरेन के दीर्घकालीन अस्वस्थता के पश्चात निधन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है।
उन्होंने श्रीमती रूपी सोरेन के निधन को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनके समस्त परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति बताया। धीरज प्रसाद साहू ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्रीमती रूपी सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत मर्माहत करने वाला है।
मां का स्नेहिल साया सिर से उठ जाना जीवन की ऐसी पीड़ा है, जिसकी भरपाई किसी भी प्रकार संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मातृवियोग की वेदना अत्यंत गहन होती है और इस कठिन समय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा उनके परिवार के प्रति उनकी आत्मीय संवेदनाएं सदैव बनी रहेंगी।
उन्होंने कहा कि श्रीमती रूपी सोरेन का स्नेह, वात्सल्य, ममत्व एवं आशीर्वाद उनके परिवार के लिए सदैव अमूल्य धरोहर के रूप में स्मृतियों में विद्यमान रहेगा। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ शुभचिंतकों, आत्मीयजनों एवं परिचितों में भी शोक की गहरी लहर व्याप्त है। उनके व्यक्तित्व एवं स्नेहिल व्यवहार की स्मृतियां लंबे समय तक लोगों के हृदय में जीवंत रहेंगी।
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि दुःख की इस विषम घड़ी में धैर्य, आत्मबल और ईश्वर के प्रति आस्था ही सबसे बड़ा संबल है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनके समस्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि वे इस कठिन समय में पूरी आत्मीयता के साथ शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं।
उन्होंने परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनके परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करें। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिरशांति एवं मोक्ष की कामना करते हुए श्रद्धापूर्वक नमन किया।