किसान ब्रिगेड ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
नि:शुल्क शिविर के नाम पर महंगी दवाएं बेचने और मरीजों के लिए सुविधाओं के अभाव का आरोप
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद/ जपला। किसान ब्रिगेड के प्रतिनिधिमंडल ने पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से मुलाकात कर हुसैनाबाद अनुमंडल मैदान में पिछले पांच दिनों से चल रहे कमली वाले बाबा के कथित उपचार शिविर की जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में भोला पासवान, सुधीर सिंह, मनोहर सिंह और सुभाष कुमार शामिल थे।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शिविर में लकवा, पोलियो, मूक-बधिरता और डायबिटीज जैसी बीमारियों को ठीक करने के दावे कर भोले-भाले ग्रामीणों को बरगलाया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने बेची जा रही दवाओं की स्वीकृति, गुणवत्ता, परीक्षण, बिक्री की अनुमति और निर्धारित मूल्य की जांच कराने की मांग की। उन्होंने धोखाधड़ी अथवा अन्य अपराध प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्तियों की गिरफ्तारी सहित विधिसम्मत कार्रवाई का आग्रह किया।
किसान ब्रिगेड के संरक्षक कर्नल संजय सिंह ने कहा, नि:शुल्क मेडिकल शिविर का प्रचार कर लोगों की भीड़ जुटायी गयी, जबकि वहां दवाओं की व्यावसायिक बिक्री किए जाने की शिकायतें हैं। झाड़-फूंक से गंभीर बीमारियां ठीक होने के दावों की स्वतंत्र वैज्ञानिक पुष्टि जनता के सामने रखी जानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि नि:शुल्क शिविर के नाम पर नगर पंचायत से मैदान का नि:शुल्क आवंटन कराया गया और वहां महंगी दवाएं बेची जा रही हैं। उन्होंने मैदान आवंटन की शर्तों तथा दवा बिक्री से संबंधित जीएसटी और आयकर अनुपालन की जांच की भी मांग की। कर्नल सिंह ने कहा कि गरीब मरीजों और उनके परिजनों के ठहरने, शौचालय, पेयजल तथा सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की शिकायतें हैं।
शिविर में पॉकेटमारी और चोरी की शिकायतों का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रशासन से मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। किसान ब्रिगेड ने जिला प्रशासन से स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उपचार संबंधी दावों और दवाओं की जांच कराने तथा अनियमितताएं मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।