- धनबाद : कतरास तिलटांड़ कॉलोनी में बंद क्वार्टर में लगी आग, घर का सामान जलकर खाक
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कतरास थाना क्षेत्र के तिलटांड़ कॉलोनी में मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे क्वार्टर नंबर 325 में अचानक आग लग गई। क्वार्टर डिनोबली स्कूल की गेम टीचर प्रीति कुमारी का बताया जा रहा है। घटना के समय आवास बंद था।
जानकारी के अनुसार, प्रीति कुमारी अपने पति के साथ बाजार गई थीं। घर में उनकी मां और बेटी थीं, जो घटना के समय मंदिर गई हुई थीं। इसी दौरान बंद क्वार्टर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों को आग लगने की जानकारी हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने का प्रारंभिक कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरे आवास को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। आग की सूचना मिलते ही तिलटांड़ कॉलोनी के लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। हालांकि, टीम के पहुंचने तक आग बुझ चुकी थी।घटना के बाद कॉलोनी में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।