- झुमरी तिलैया : फर्जी अधिकारियों ने सोने की चेन और अंगूठी ठगी, कागज में थमा गए पत्थर
एबीएन न्यूज नेटवर्क, झुमरी तिलैया। (कोडरमा): तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रेंड्स मॉल के समीप बाइक सवार दो शातिर अपराधियों ने खुद को अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से करीब 20 ग्राम सोने के जेवर ठग लिए। घटना को लेकर गुमो (मडवा गली) निवासी पीड़ित नरेंद्र मोदी ने तिलैया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित नरेंद्र मोदी महाराणा प्रताप चौक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्णिमा टॉकिज से पहले ट्रेंड्स मॉल वाली गली के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोका।
अपराधियों ने खुद को स्पॉट ऑफिस का कर्मी बताते हुए कहा कि इलाके में छिनतई की घटनाएं बढ़ गई हैं, आप इतना सोना पहनकर क्यों घूम रहे हैं? सुरक्षा का झांसा देकर ठगों ने पीड़ित के गले से करीब 15 ग्राम की सोने की चेन (लॉकेट सहित) और अंगुली से 5 ग्राम की सोने की अंगूठी उतरवा ली। शातिरों ने जेवरों को एक भूरे रंग के कागज में लपेटकर पीड़ित को सौंप दिया और वहां से नौ दो ग्यारह हो गए।
नरेंद्र मोदी ने जब घर पहुंचकर कागज खोला, तो उनके होश उड़ गए; जेवरों की जगह उसमें सिर्फ पत्थर के टुकड़े बंधे थे। पीड़ित ने आनन-फानन में वापस घटना स्थल पर पहुंचकर छानबीन की, लेकिन ठगों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस आवेदन पत्र के आधार पर मामले की जांच और अपराधियों की तलाश में जुट गई है।