- रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय से आजसू का सदस्यता अभियान शुरू
टीम एबीएन, रांची। आज अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) द्वारा छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान की शुरुआत रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय से की गयी। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने आजसू की सदस्यता ग्रहण की और संगठन के विचारों एवं छात्रहित से जुड़े आंदोलनों को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आजसू के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना है। महाविद्यालय में शिक्षा, छात्र सुविधाओं, पुस्तकालय, छात्रावास, परीक्षा व्यवस्था, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं छात्रहित के मुद्दों को लेकर आजसू लगातार आवाज उठाता रहा है।
सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़कर छात्रहित के मुद्दों को और प्रभावी तरीके से उठाने का लक्ष्य रखा गया है। संगठन के नेताओं ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी सकारात्मक परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत है और छात्रों की सक्रिय भागीदारी से ही शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जा सकती है।
कार्यक्रम में हरीश कुमार, ओम वर्मा, चेतन प्रकाश, अमन साहू, राजेश सिंह, रोशन नायक, मोहन रविदास, राधिका कुमारी, धीरज, लक्ष्मी तथा अन्य छात्र-छात्राएं एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आजसू ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे संगठन से जुड़कर छात्रहित, शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण की मुहिम को मजबूत करें। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी।