- धनबाद : छठ तालाब में गंदगी का अंबार
- आस्था पर गंदगी का साया- मालकेरा डाउन में छठ तालाब बना कचरा घर, स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौन!
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास/मालकेरा (धनबाद)। कहते हैं छठ महापर्व आस्था का पर्व है, लेकिन मालकेरा डाउन में आस्था गंदगी में डूबती नजर आ रही है। यहां का मुख्य छठ तालाब पिछले कई महीनों से साफ नहीं हुआ है। तालाब में गंदगी, पॉलिथीन और बदबूदार पानी भरा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जनप्रतिनिधि को कई बार बोला गया लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला, काम नहीं। छठ घाट तक जाने वाली सड़क भी जर्जर है, जहां व्रतियों के फिसलने का डर बना रहता है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है- वोट के समय सब आते हैं, अब छठ पर कोई देखने भी नहीं आता। क्या हम गंदे पानी में सूर्य देव को अर्घ्य देंगे?
छठ पूजा में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। अगर जल्द सफाई नहीं हुई तो सैकड़ों महिलाएं प्रदर्शन को मजबूर होंगी। अब देखना है कि खबर छपने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि की नींद खुलती है या फिर आस्था ऐसे ही गंदगी में डूबी रहेगी।