- ब्लॉक-2 क्षेत्रीय कार्यालय में स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार एवं नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण मांगों पर हुई वार्ता
- स्थानीय युवाओं को 75% रोजगार देने की मांग, पहल करने के लिए लिया 45 दिनों का लिखित समय
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा (धनबाद)।आज बीसीसीएल ब्लॉक-2 के क्षेत्रीय कार्यालय में स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार एवं नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण वार्ता हुई। वार्ता के दौरान क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को 75% रोजगार देने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
घंटों चली वार्ता के बाद आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से इस मांग पर आवश्यक पहल करने के लिए 45 दिनों का लिखित समय लिया गया। कंपनी के इस लिखित आश्वासन के बाद 5 अक्टूबर से प्रस्तावित चक्का जाम को फिलहाल 45 दिनों के लिए स्थगित किया गया है।
झामुमो केंद्रीय सदस्य कामेश्वर कुमार महथा उर्फ (डब्लू महथा) ने स्पष्ट कहा कि यह स्थगन संघर्ष की समाप्ति नहीं है। 45 दिनों के भीतर वार्ता के अनुरूप स्थानीय युवाओं के रोजगार के लिए ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो चक्का जाम सहित आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा। हमारी मांग स्पष्ट है बीसीसीएल एवं उससे जुड़ी आउटसोर्सिंग परियोजनाओं में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में उचित अवसर मिले।