- कैप्टन स्मित मच्छार को पुरस्कार से सम्मानित करे केंद्र सरकार : अनिल कुमार गुप्ता
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले में रविवार को विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय पदाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता ने 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई भयावह घटना के दौरान अदम्य साहस का परिचय देने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को केंद्र सरकार से विशेष वीरता पुरस्कार से सम्मानित करने की मांग की है।साथ ही उन्होंने घायल कैप्टन के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की है।
उन्होंने कहा कि विमान के कॉकपिट में गंभीर हमले के बाद कैप्टन स्मित मच्छार स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गए थे।इसके बावजूद उन्होंने अपनी जान की चिंता किए बिना विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।विषम परिस्थितियों में उनकी सूझबूझ और साहस ने एक बड़े हवाई हादसे को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विमान को अंततः सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित उतारा गया और यात्रियों की जान बच गई। अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार की वीरता केवल एक पायलट के कर्तव्य निर्वहन का उदाहरण नहीं,बल्कि देश के लिए गौरव का विषय है।गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्होंने जिस दृढ़ता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि कैप्टन स्मित मच्छार को राष्ट्रीय स्तर पर उचित वीरता सम्मान प्रदान किया जाए तथा उनके उत्कृष्ट साहस और कर्तव्यनिष्ठा को देश के सर्वोच्च मंच पर सम्मानित किया जाए। साथ ही उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।कैप्टन मच्छार की बहादुरी की देश-विदेश में सराहना हो रही है।