- धनबाद : भाटडीह में अवैध कोयला खनन पर CISF-BCCL की रेड
- 12 टन कोयला जब्त; अवैध मुहाने की भी भराई
एबीएन न्यूज नेटवर्क, महुदा (धनबाद)। महुदा क्षेत्र के भाटडीह-तेतुलिया इलाके में कथित अवैध कोयला निकासी के खिलाफ CISF और BCCL की टीम ने कार्रवाई की। 14 नंबर चानक के पास छापेमारी कर करीब 12 टन कोयला जब्त किया गया, जबकि 05 नंबर सममसंघाट, मुरलीडीह नदी किनारे मिले अवैध मुहाने की भराई भी कराई गई।
सूत्रों के अनुसार, इलाके में रात के समय कथित रूप से अवैध तरीके से कोयला निकाले जाने की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को मिली थी। सूचना के आधार पर CISF और BCCL की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 14 नंबर चानक के पास छापेमारी की। मौके से करीब 12 टन कोयला बरामद कर जब्त किया गया।
इसके अलावा टीम ने 05 नंबर सममसंघाट, मुरलीडीह नदी किनारे स्थित अवैध मुहाने पर भी कार्रवाई की और उसे भराई कर बंद कराया। कार्रवाई के दौरान CISF और BCCL के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
एक ही अभियान में कोयला जब्ती और अवैध मुहाने की भराई की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है। अब यह जांच का विषय है कि अवैध कोयला कारोबार निकासी के पीछे कौन से लोग सक्रिय थे।