- विधायक जयराम महतो को मिली पीएचडी की उपाधि, अब कहलाएंगे डॉ. जयराम महतो
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। डुमरी विधायक जयराम महतो ने अपनी शैक्षणिक यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्हें बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) से पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। इस उपलब्धि के साथ ही जयराम महतो अब डॉ. जयराम महतो हो गए हैं।
इस उपलब्धि का अवसर उनके लिए इसलिए भी खास रहा, क्योंकि जितिया पर्व के मौके पर उनकी मां भी उनके साथ मौजूद थीं। बेटे की इस बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि को अपनी आंखों के सामने देखना उनके लिए भावुक और गर्व का क्षण रहा।
जितिया पर्व पर माताएं अपने बच्चों की सुख-समृद्धि, स्वस्थ जीवन और लंबी उम्र की कामना करती हैं। ऐसे शुभ अवसर पर जयराम महतो को पीएचडी की उपाधि मिलना और इस महत्वपूर्ण क्षण में मां का उनके साथ रहना उपलब्धि को और भी भावनात्मक बना गया।
परिवार की ओर से भी जयराम महतो की इस उपलब्धि को बेहद महत्वपूर्ण बताया गया है। राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ-साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि उनके लिए एक अलग पहचान लेकर आई है। पीएचडी की उपाधि मिलने के बाद जयराम महतो के नाम के साथ डॉक्टर जुड़ गया है। उनकी इस उपलब्धि पर समर्थकों, शुभचिंतकों और परिवार के लोगों ने बधाई दी है।