प्रभावित को चिन्हित कर समुचित मुआवजा दे प्रशासन : देवेंद्रनाथ महतो
एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिल्ली। सिल्ली प्रखंड अंतर्गत गोडाडीह पंचायत क्षेत्र में स्थित खेरबैड़ा डैम आज दोपहर जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण अचानक ध्वस्त हो गया। प्राकृतिक जंगल के बीच स्थित इस डैम के टूटने से गोडाडीह, सातपालु, रायकोचा सहित आसपास के कई क्षेत्रों में पानी फैल गया, जिससे बड़ी मात्रा में धान की फसल एवं अन्य कृषि फसलों को नुकसान पहुंचा है। डैम के ध्वस्त होने के कारण लोटा-गोडाडीह मुख्य मार्ग भी कई घंटों तक प्रभावित रहा, जिससे आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सिल्ली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि डैम की मेड़ से पिछले कई दिनों से पानी का रिसाव हो रहा था। यदि ससमय प्रशासन द्वारा इसका संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाया जाता, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।
प्रशासन व आपदा प्रबंधन विभाग डैम टूटने से प्रभावित सभी गांवों एवं किसानों का तत्काल सर्वे कराकर नुकसान का आकलन किया जाये तथा पीड़ित किसानों को चिन्हित कर नियमानुसार समुचित मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने कहा कि चुकी सिल्ली क्षेत्र कृषि प्रधान है और यहां किसानों की आजीविका मुख्य रूप से खेती पर निर्भर है। ऐसे में फसलों की व्यापक क्षति किसानों के लिए गंभीर आर्थिक संकट बन गयी है।