Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

कोरोना वायरस को जाति-धर्म नहीं, सिर्फ इंसान की जरूरत : डीसी

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
कोरोना वायरस को जाति-धर्म नहीं, सिर्फ इंसान की जरूरत : डीसी
विज्ञापन
टीम एबीएन, लोहरदगा। उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो के नेतृत्व में आज कुडू प्रखंड के तीन गांवों में डोर-टू-डोर टीकाकरण-सह-जागरूकता अभियान चलाया गया। उपायुक्त द्वारा मुख्यत: उरुमुरू, हुरहद और मकांदू गांव का भ्रमण कर वहां के ग्रामीणों को कोविड का प्रतिरोधक टीका लेने की अपील की। इस दौरान उपायुक्त की टीम में सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ शंभुनाथ चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोरंजन कुमार, समाजसेवी इकबाल खान, 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष कुडू सदरूल अंसारी, समाजसेवी सैफ खान, मजीद पंवरिया समेत सहिया, सेविका, सहायिका, संबंधित टीकाकरण टीम, तेजस्विनी परियोजना, प्रदान संस्था के स्वयंसवेक शामिल हुए। उडुमुडू पंचायत के उरुमुरू ग्राम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, उरुमुरू में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कोरोना महामारी के प्रसार के लिए इस वायरस को सिर्फ इंसान का शरीर चाहिए ना कि कोई विशेष जाति-धर्म का व्यक्ति। कोरोना एक ऐसी बीमारी है जो किसी भी व्यक्ति को नहीं पहचानता है। सिर्फ वैक्सीन ही बचाव का तरीका है। जो लोग वैक्सीन लिये हैं वे जीवित हैं। वैकसीन से मौत सिर्फ अफवाह है और कुछ नहीं। जिला में फ्रंटलाईन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर और 60 प्लस के लोगों को तो अब थर्ड डोज भी दिया जा रहा है। जो ले रहे हैं वे भी सुरक्षित हैं। मुस्लिम धर्मावलंबियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि अब सउदी अरब जैसे देशों में जाने के लिए कोविड वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट होना आवश्यक है। हज जाने के लिए अब बूस्टर डोज भी जरूरी हो गया है। इसका अर्थ यह है कि अब दुनिया का कोई देश ऐसा नहीं है जो वैक्सीन का विरोधी हो। सभी वैक्सीन ले रहे हैं, आप भी लें। साथ ही, अपने सभी दोस्तों, रिश्तेदारों को भी वैक्सीन लेने के लिए प्रेरित करें। अगर वैक्सीन नहीं लेंगे तो कोरोना वायरस की वजह से जान का भी नुकसान हो सकता है। लोहरदगा जिला में भी प्रशासनिक पदाधिकारियों की मौत कोविड की वजह से हो चुकी है। हुरहद ग्राम के अखड़ा में लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कोविड का नया वैरिएंट अपना रूप बदलने में माहिर है। कोई भी व्यक्ति इस वायरस को हल्के में ना लें। यह डेल्टा वैरिएंट के साथ मिलकर जानलेवा साबित हो सकता है। एक शोध के अनुसार आनेवाले कुछ वर्षों में भी यह वायरस हमारे बीच ही रहनेवाला है। अत: अनुरोध है कि कोविड का टीका अवश्य लें। इस महामारी से जान बचाने का सिर्फ एकमात्र तरीका टीकाकरण ही है। अगर आप टीका नहीं लेंगे तो वायरस के वाहक बनेंगे, इसलिए टीका अवश्य लें। सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ शंभूनाथ चौधरी ने इस मौके पर लोगों से अपील की कि कोई भी गर्भवती महिला और वैसी महिलाएं जो बच्चे को स्तनपान करा रही हैं वे बेझिझक कोविड का वैक्सीन लें। अजन्मे बच्चे के लिए और जन्म ले चुके बच्चे के लिए भी यह वैक्सीन काफी लाभकारी है। आज डोर टू डोर टीकाकरण अभियान में उरुमुरू ग्राम में 98, हुरहद ग्राम में 135 और मकांदू ग्राम में 42 लोगों का टीकाकरण किया गया। उप विकास आयुक्त और अनुमण्डल पदाधिकारी द्वारा भी चलाया गया डोर-टू-डोर टीकाकरण अभियान : उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा और अनुमण्डल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल द्वारा भी टीकाकरण का अच्छादन बढ़ाने हेतु डोर-टू-डोर अभियान चलाया गया। उप विकास आयुक्त द्वारा कुडू प्रखण्ड के टाकू, ननटिलो, कुडू और उमरी में डोर-टू-डोर अभियान चलाया गया। अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल द्वारा चंदलासो, पंडरा, हेंजला में डोर-टू-डोर टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान पदाधिकारियों द्वारा सभी वर्ग के छूटे हुए लोगों से कोविड का टीका लेने के अपील की। साथ ही जरूरतमंदों के बीच कंबल का भी वितरण किया गया।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 74,691