एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। बाघमारा क्षेत्र के शास्त्री नगर, हरिणा निवासी 16 वर्षीय प्रतिभाशाली गायक मन्नत पांडेय ने अपनी गायकी से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मन्नत का चयन इंडिया टैलेंट फाइट (आईटीएफ) के टीवी राउंड के लिए हुआ है। इससे पहले उन्होंने आईटीएफ के मेगा आॅडिशन में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-15 में अपनी जगह बनायी थी।
मन्नत की इस उपलब्धि पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने मन्नत के प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। बताया गया कि 30 सितंबर को उत्तराखंड के रुड़की स्थित गोल्डन लीफ में आयोजित कार्यक्रम में मन्नत ने अपनी गायकी की प्रस्तुति दी। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें स्वर्ण पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मन्नत इससे पहले संगीतकार अनु मलिक समेत कई जाने-माने कलाकारों के सामने भी अपनी गायकी का प्रदर्शन कर चुके हैं। कम उम्र में लगातार मिल रही उपलब्धियों से उनके परिवार और क्षेत्र के लोगों में खुशी है। मन्नत के टीवी राउंड में चयन के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वह अपनी आवाज और प्रतिभा के दम पर आगे भी बाघमारा और धनबाद का नाम रोशन करेंगे।