- धनबाद आठ लेन पर हादसा : असर्फी अस्पताल के पास हाइवा की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। थाना क्षेत्र के असर्फी अस्पताल के समीप आठ लेन सड़क पर गुरुवार रात करीब 9:30 बजे हाइवा की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गयी. हादसे के बाद सड़क पर अंधेरा होने के कारण शव काफी देर तक पड़ा रहा।
इस दौरान वहां से गुजर रहे कई वाहन शव के ऊपर से निकल गये, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सिर कुचल जाने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने भी घटना के बाद सड़क पर अंधेरा रहने की बात कही है। हादसे के बाद शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। बाद में वहां से गुजर रहे लोगों की नजर शव पर पड़ी।
अन्य वाहनों को शव के ऊपर से गुजरने से रोकने के लिए स्थानीय लोगों ने सड़क पर पेड़ की डालियां रख दीं। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना धनबाद थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही हादसे में शामिल हाइवा और उसके चालक के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है। दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।