- धनबाद : दामोदर नदी के तेज बहाव में किशोरी डूबी, तलाश जारी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। दामोदर नदी के तेज बहाव में नहाने के दौरान 16 वर्षीय किशोरी के डूबने की सूचना सामने आई है। घटना झरिया के मोहलबनी घाट की बताई जा रही है। किशोरी अपने परिवार के साथ नदी में नहाने पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान किशोरी गहरे पानी में चली गई और तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगी। बेटी को बचाने के लिए उसके पिता भी पानी में उतर गए और उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान किशोरी का हाथ छूट गया और वह तेज बहाव में बह गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना आमलाबाद ओपी और पत्थरडीह थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस जाच में जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार, किशोरी लोदना मोड़, झरिया की रहने वाली बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मोहलबनी घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल किशोरी की तलाश जारी है। घटना की आधिकारिक पुष्टि और किशोरी की पूरी पहचान की जानकारी पुलिस की ओर से सामने आना बाकी है।