- सुदर्शन भगत का प्रयास रंग लाया, गुमला को रेल का तोहफा मिलने से क्षेत्र में खुशी : कृष्णा मोदी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कुड़ू। गुमला जिले को रेल नेटवर्क से जोड़ने की लंबे समय से चली आ रही मांग अब साकार होती दिखाई दे रही है। इस उपलब्धि को लेकर गुमला और लोहरदगा जिले के लोगों में खुशी की लहर है। भाजपा कुड़ू मंडल अध्यक्ष कृष्णा मोदी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार और पूर्व केंद्रीय मंत्री सह लोहरदगा के पूर्व सांसद सुदर्शन भगत को बधाई दी है।
कृष्णा मोदी ने कहा कि गुमला को रेल से जोड़ने की मांग को संसद तक पहुंचाने और लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष उठाने में पूर्व सांसद सुदर्शन भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि 13 मार्च 2013 को सुदर्शन भगत ने लोकसभा में गुमला को रेल संपर्क से जोड़ने की आवश्यकता उठाई थी तथा लोहरदगा–गुमला–जशपुर–कोरबा रेल मार्ग की मांग को प्रमुखता से रखा था।
उन्होंने कहा कि इसके बाद 12 जुलाई 2019 को रेलवे मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान तथा 23 जुलाई 2019 को नियम 377 के तहत विशेष उल्लेख के माध्यम से भी सुदर्शन भगत ने रांची–लोहरदगा–गुमला–जशपुर–कोरबा नई रेल लाइन की मांग संसद में रखी। इसके अलावा 10 फरवरी 2020 को भी उन्होंने लोकसभा में गुमला को रेल सेवा से जोड़ने का विषय उठाया था।
कृष्णा मोदी ने कहा कि सुदर्शन भगत ने लगातार संसद में इस मांग को उठाकर क्षेत्र की जनता की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का काम किया। रेल संपर्क से गुमला सहित आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, रोजगार और आवागमन के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा होंगी।
उन्होंने कहा कि आज जब गुमला को रेलवे का तोहफा मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सामने आया है, तो इसका स्वागत होना चाहिए। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तथा इस मांग को वर्षों तक संसद में उठाने वाले पूर्व सांसद सुदर्शन भगत बधाई के पात्र हैं।
कृष्णा मोदी ने वर्तमान सांसद सुखदेव भगत द्वारा इस उपलब्धि का श्रेय लेने के प्रयास पर तंज कसते हुए कहा कि “बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना” वाली स्थिति जनता के सामने स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि जनता यह भी देख रही है कि किसी मांग को जमीन से संसद तक पहुंचाने में किसने लगातार प्रयास किया और किसने इसे केवल उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि गुमला को रेल से जोड़ने की दिशा में पूर्व सांसद सुदर्शन भगत के वर्षों के प्रयास अब रंग लाते दिखाई दे रहे हैं। यह लोहरदगा और गुमला दोनों जिलों के लिए विकास की नई शुरुआत है। भाजपा इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार और पूर्व सांसद सुदर्शन भगत का आभार व्यक्त करती है।