- कोडरमा : वामदलों ने सीईसी ज्ञानेश कुमार का पुतला फुंका
- एसआईआर प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाने की मांग
एबीएन न्यूज नेटवर्क, झुमरीतिलैया। वामपंथी पार्टियों और आम आदमी पार्टी ने देशव्यापी अभियान के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत हटाए जाने की मांग पर झंडा चौक पर ज्ञानेश कुमार का पुतला फुंका. इससे पूर्व मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी भाकपा माले और आम आदमी पार्टी के संयुक्त बैनर तले वैशाली प्रेस से विरोध मार्च निकाला गया।
मार्च में ज्ञानेश कुमार को हटाए जाने के अलावा एसआइआर की प्रक्रिया को तत्काल रोके जाने और गलत तरीके से काटे गए सभी मतदाताओं को मताधिकार फिर से बहाल करने, चुनाव आयोग की स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की वर्तमान व्यवस्था को खत्म कर निष्पक्ष नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की तीन सदस्य कमेटी द्वारा नियुक्त किए जाने की मांग की गई।
सीपीएम के जिला सचिव असीम सरकार की अध्यक्षता में हुई सभा को महादेव राम, संजय पासवान, इब्राहिम अंसारी, दामोदर यादव, प्रेम पांडेय आदि नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा है कि जिस प्रकार मुख्य चुनाव आयुक्त ने दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को दरकिनार कर, उनकी उपेक्षा कर मनमाने ढंग से निर्णय किए हैं। वह निर्णय गैर संवैधानिक और गैर कानूनी हैं।
इससे चुनाव आयोग की निष्पक्षता पूरी तरह प्रभावित हुई है। पूरी प्रक्रिया को केंद्रित कर चुनाव आयोग का पूरा जोर मतदाताओं को शामिल करने की मुख्य जिम्मेदारी से हट कर मतदाता सूची से मतदाताओं को बाहर करने और सत्ताधारी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने तक सीमित हो गया है।
विरोध प्रदर्शन में अर्जुन यादव, राजेन्द्र मेहता, प्रेम प्रकाश, विजय पासवान, दिनेश रविदास, नागेश्वर दास, अनंत मेहता, शैलेन्द्र कुमार, रविन्द्र भारती, अशोक यादव, मुन्ना यादव, संदीप कुमार, विरेन्द्र यादव, सकिन्दर कुमार, तुलसी राणा सहित सैकड़ों की संख्या में वाम दल और आप कार्यकर्ता शामिल थे।