- धनबाद : छाताबाद के 83 भू-धंसान प्रभावित परिवारों को बेलगड़िया में मिला नया आशियाना
- लगाये गये शिविर का जीएम ने किया उद्घाटन,15 ने जमा किये कागजात
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कतरास छाताबाद में भू-धंसान के बाद प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है। बीसीसीएल प्रबंधन ने छाताबाद के 83 प्रभावित परिवारों को बेलगड़िया में क्वार्टर आवंटित कर दिया है।
प्रबंधन के अनुसार प्रभावित परिवारों को चरणबद्ध तरीके से बेलगड़िया शिफ्ट किया जा रहा है। बुधवार को भी वाहनों की व्यवस्था कर प्रभावित लोगों को बेलगड़िया भेजा जायेगा। इसी क्रम में मंगलवार को न्यू आकाशकिनारी कोलियरी कार्यालय में जेआरडीए व बीसीसीएल की ओर से बचाव एवं पुनर्वास शिविर लगाया गया।
शिविर का उद्घाटन गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यकाम आनंद ने किया। छाताबाद, कैलूडीह समेत अन्य भू-धसान प्रभावित क्षेत्रों के 15 परिवारों ने अपने दस्तावेज जमा किये। अधिकारियों ने बताया कि रैयत और गैर-रैयत दोनों प्रभावित परिवार शिविर में कागजात जमा कर सकते हैं।
शिविर के बाद जीएम सत्यकाम आनंद और पीओ एके झा ने छाताबाद फुटबॉल मैदान स्थित भू-धसान स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने ट्रेंच कटिंग कर बालू से भराई कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हुए, तो आंदोलन किया जायेगा।
जीएम ने तकनीकी कारणों से बालू भराई संभव नहीं होने की बात कही और ग्रामीणों से अपनी मांगें लिखित रूप में देने को कहा। मौके पर कार्मिक प्रबंधक आलोक रंजन राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से पार्षद मो शहाबुद्दीन भी मौजूद रहे।