- धनबाद में एफसीआई के चावल लदे ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला
- मौके पर मौत; गुस्साई भीड़ ने किया सड़क जाम
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ स्थित भगत जी मंदिर के समीप 29 सितम्बर रात करीब 9:45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय साइकिल सवार सुरेश चौरसिया की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एफसीआई का चावल लदा ट्रक साइकिल सवार को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में सुरेश चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक डहुआटांड़ के कटिहार मार्केट के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान कुछ ट्रकों में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है। सूचना मिलने पर धनसार थाना सहित अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मुआवजे के साथ मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे।
भारी वाहनों के आवागमन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरमसिया एफसीआई गोदाम से मनईटांड़ होते हुए जोड़ाफाटक तक कई स्थानों पर सड़क संकरी और भीड़भाड़ वाली है। इसके बावजूद शाम के समय भारी वाहनों का आवागमन जारी रहता है। लोगों का आरोप है कि इससे जाम के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि एफसीआई के ट्रकों से जुड़ी दुर्घटनाओं में यह तीसरी मौत है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सरकारी चावल की बोरियां चोरी होने की भी सूचना
हादसे के बाद सड़क पर अंधेरा और अफरा-तफरी की स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोगों द्वारा ट्रक में लदे सरकारी चावल की बोरियां चोरी किए जाने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक में लदे चावल का एक बड़ा हिस्सा गायब हो गया। पुलिस ने चावल ले जा रहे कुछ लोगों को पकड़ा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल पहुंचे घटनास्थल
घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार सुबह कई समाजसेवी और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की।
उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और मुआवजे सहित स्थानीय लोगों की मांगों को लेकर बातचीत की। वहीं, कुंभनाथ सिंह की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल दाह संस्कार के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
मौके पर स्थानीय निवासी विवेक गुप्ता, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, कुंभनाथ सिंह, मनोहर करमाली, धनसार थाना प्रभारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।