एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कतरास बोरारा बिहार जनता खान मजदूर संघ के बैनर तले बोरारा स्थित ब्लॉक 2 महाप्रबंधक कार्यालय में 20 सूत्री मांग पत्र को लेकर एक महत्वपूर्ण वार्ता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिन्द मजदूर सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह बिहार जनता खान मजदूर संघ के महामंत्री रणविजय सिंह उपस्थित हुए। श्री सिंह का भव्य स्वागत केन्द्रीय उपाध्यक्ष महेश कुमार एवं ओसीपी माईन ब्लॉक-2 के सचिव बिनोद रवानी और उनके सहयोगियों ने किया।
वार्ता के दौरान महाप्रबंधक कुमार राजीव के साथ 20 सूत्री मांग पत्र के प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से सकारात्मक चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने मजदूरों और संघ की मांगों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई कर जल्द समाधान का ठोस आश्वासन दिया।
इस अवसर पर संघ के केंद्रीय सचिव राममूर्ति सिंह उर्फ छोटू सिंह, सलाहकार समिति के सदस्य महेश कुमार,केंद्रीय उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह,पंचू सिंह, विशाल सिंह, अरुण पासवान, अरविंद भारती सहित ब्लॉक 2 के सभी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।