एबीएन न्यूज नेटवर्क, झुमरी तिलैया। भारतीय जनता पार्टी कोडरमा जिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चलाये जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को कोडरमा प्रखंड के झुमरी तिलैया में जनसेवा एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया।
शिविर का उद्घाटन कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी ने संयुक्त रूप से किया। शिविर के माध्यम से आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। बीडीओ, सीओ अथवा थाना से संबंधित किसी भी कार्य या समस्या के समाधान के लिए लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग दिया गया।
इस अवसर पर कोडरमा के प्रसिद्ध चिकित्सकों डॉ. नरेश पंडित, डॉ. अभिजीत राय एवं डॉ. रूपेश कुमार ने नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की। शिविर में लोगों का ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर जांच किया गया तथा जरूरतमंद लोगों के बीच नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा की सेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना और उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना भाजपा की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे शिविरों से आम लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिलता है।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. नरेश पंडित ने कहा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
शिविर में भाजपा के मण्डल अध्यक्ष इंद्रदेव वर्णवाल ने अध्यक्षता की और संचालन मण्डल महामंत्री पप्पू भदानी ने किया कार्यक्रम में खुशबू सोनकर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में जिला मंत्री सुनीति सेठ,पूर्व जिला उपाध्यक्ष देवनारायण मोदी, कार्यालय मंत्री हरि पण्डित, सुनील बड़गावे, बैजनाथ यादव, कर्मा मंडल अध्यक्ष सुनील पंडित, कृष्णा ब्रह्मपुरिया, राजकिशोर प्रसाद, सबिता देवी, चंद्रशेखर जोशी, विशाल भदानी मौजूद थे।