- धनबाद में जंगली हाथियों का आतंक! शिक्षक को कुचलकर मार डाला, ग्रामीणों में आक्रोश
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। टुंडी क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। हाथियों के झुंड ने गुलियाडीह गांव में एक सहायक शिक्षक को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नया प्राथमिक विद्यालय गुलियाडीह में कार्यरत सहायक अध्यापक गिरजा मुरमू के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
दो महीने से इलाके में हाथियों का डेरा
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब दो महीने से इलाके में हाथियों का झुंड डेरा जमाए हुए है, लेकिन वन विभाग की ओर से हाथियों को क्षेत्र से दूर करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तक प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों के कारण क्षेत्र में लगातार खतरा बना हुआ है। लोग डर के साये में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग हाथियों के झुंड को आबादी वाले इलाकों से दूर करे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए।
डीएफओ का बयान
डीएफओ विकास पालीवाल ने ईटीवी भारत से बातचीत में बताया कि वन विभाग की टीम को रात में ही इलाके में भेज दी गई थी। टीम मौके पर ही मौजूद है। उन्होंने कहा कि हाथियों का झुंड अगर इलाके में पहुंचता है तो सबसे पहले लोगों को अपनी जान की सुरक्षा करनी चाहिए। डीएफओ ने कहा कि हाथियों के कारण फसल या मकान को नुकसान पहुंचने की स्थिति में सरकार की ओर से मुआवजे का प्रावधान है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि हाथियों के झुंड के करीब जाने या उन्हें खदेड़ने की कोशिश न करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड को क्षेत्र से दूर करने के प्रयास में जुटी है। लेकिन एक सहायक शिक्षक की मौत के बाद ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।