Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 22
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

धनबाद कतरास में भू-धंसान के खिलाफ उबाल, सत्याग्रह में गरजी आवाज

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
धनबाद कतरास में भू-धंसान के खिलाफ उबाल, सत्याग्रह में गरजी आवाज
विज्ञापन

अवैध खनन के खिलाफ कतरास में जनआक्रोश, सत्याग्रह पर बैठे सैकड़ों लोग 

जमीन धंस रही, लोग दहशत में; कतरास में बीसीसीएल-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन 

भू-धंसान से सहमा कतरास, सत्याग्रह में उठी कड़ी कार्रवाई और सुरक्षित खनन की मांग 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास (धनबाद)। कतरास कोयलांचल में लगातार सामने आ रही भू-धंसान की घटनाओं और कथित अवैध खनन के खिलाफ रविवार को लोगों का गुस्सा खुलकर सड़क पर दिखाई दिया। कतरास थाना चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समीप कतरास कोयलांचल बचाओ समिति के बैनर तले आयोजित एकदिवसीय सत्याग्रह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, पार्षद, पूर्व पार्षद, अधिवक्ता, समाजसेवी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। 

सत्याग्रह के दौरान आंदोलनकारियों ने कथित अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि लोगों की जिंदगी को खतरे में डालकर किसी भी कीमत पर कोयला उत्पादन स्वीकार नहीं किया जायेगा। आंदोलनकारियों ने भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल वैज्ञानिक सर्वे कराने, संवेदनशील इलाकों की पहचान करने और जरूरत के अनुसार भूमिगत खदानों में बालू भराई कराने की मांग रखी। 

प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षित भूमिगत खनन पद्धति से कोयला उत्पादन, प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और पुनर्वास सुनिश्चित करने तथा बीसीसीएल प्रबंधन एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही आंदोलनकारियों ने ई-मेगा प्रोजेक्ट्स पर रोक लगाने की मांग भी उठायी। 

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कतरास कोयलांचल में भू-धंसान की घटनाएं अब केवल जमीन के धंसने का मामला नहीं रह गयी हैं, बल्कि यह हजारों लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल बन चुका है। उनका कहना था कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाये गये तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। 

सत्याग्रह में शामिल नेताओं ने आंदोलनकारियों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लेने की मांग भी उठायी। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन ने जनहित से जुड़ी मांगों पर ठोस पहल नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जायेगा। 

सत्याग्रह में बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा, डॉ. बीएन चौधरी, कांग्रेस नेता अशोक लाल, गौतम मंडल, अनुज सिन्हा उर्फ पलटू, पूर्व पार्षद विनोद गोस्वामी, प्रभात मिश्रा, दीप नारायण सिंह, जावेद रजा, प्रिंस शर्मा, सुदाम गिरी, राजीव रंजन सिंह, बिनय सिंह, वार्ड पार्षद राममूर्ति सिंह उर्फ छोटू सिंह, विनायक गुप्ता सहित कई पार्षद एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन