याद किये गये वीर सपूत
एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस विश्व मित्र संघ के तत्वावधान में देश के महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह की 119वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। खूंटी में स्थित शहीद सरदार भगत सिंह चौक पर आयोजित कार्यक्रम में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस विश्व मित्र संघ के अध्यक्ष डॉ दीपक कुमार घोष ने कहा कि सरदार भगत सिंह एक साहसिक स्वंतत्रता सेनानी और समर्पित योद्धा थे।
28 सितंबर 1907 को पंजाब के बंगा गांव में जन्मे भगत सिंह ने युवावस्था में ही देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मुरहू के देशभक्त समाजसेवी डॉ धर्मेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि भगत सिंह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के उन युवाओं में शामिल थे, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष को नयी दिशा दी।
अखिल भारतीय सांस्कृतिक विकास महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष तपन घोष ने कहा कि भगत सिंह का जीवन युवाओं में देशप्रेम, साहस, त्याग और सामाजिक चेतना की प्रेरणा देता है। देशभक्त युवा ध्रुवेन्द्र भास्कर ने कहा कि भगत सिंह की देशभक्ति और उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
पंडित जितेन्द्र पांडे ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन युवाओं के लिए साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा है। तुलसी प्रजापति, अनुप कुमार राय, किशोर ठाकुर सहित अन्य ने भी भगतसिंह को अमर सेनानी कहा और अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किया।