ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर झामुमो का जोरदार प्रदर्शन, अल्बर्ट एक्का चौक पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम
टीम एबीएन, रांची। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे और चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, जिला संयोजक मुश्ताक आलम, अश्विनी शर्मा, हेमलाल मेहता, महताब अंसारी, अंशु लकड़ा और अंतु तिर्की सहित बड़ी संख्या में झामुमो के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। झामुमो की ओर से हाल में निर्वाचन आयोग के कामकाज और विशेष गहन पुनरीक्षण (रकफ) को लेकर सवाल उठाए गए हैं तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की गयी है।
अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रक्रिया में पारदर्शिता और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से अल्बर्ट एक्का चौक पर राजनीतिक गतिविधियां तेज नजर आयीं। देशभर में रकफ और निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर विपक्षी दलों की ओर से सवाल और विरोध लगातार सामने आ रहे हैं।