- सिंघरावां में ज्वेलरी व्यवसायी के घर-सह-दुकान में डकैती
- बेटे को चाकू की नोक पर बंधक बनाया
- फिर माता-पिता से खुलवाया दरवाजा
- घर-सह-दुकान में 10-12 लाख की डकैती
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चौपारण। सिंघरावां के लराही रोड स्थित ज्वेलरी व्यवसायी राजेश स्वर्णकार के आवास-सह-दुकान में बीती रात हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 10 से 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी लूट लिए। करीब पांच की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने पूरे परिवार को हथियार के बल पर बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार रात में हथियारों से लैस और नकाब पहने करीब पांच अपराधी घर में घुसे।
अपराधियों ने व्यवसायी के बड़े पुत्र को हथियार एवं चाकू दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया और उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद उसे हथियार के बल पर माता-पिता को जगाने और घर का दरवाजा खुलवाने के लिए मजबूर किया गया। पुत्र के माध्यम से दरवाजा खुलवाने के बाद अपराधियों ने माता-पिता को भी हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया।
परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने घर में स्थित ज्वेलरी दुकान के लॉकर को खुलवाया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लूटे गए सामान की कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही लूट की वास्तविक राशि स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल स्तर के पुलिस पदाधिकारी से लेकर विभिन्न थाना प्रभारियों और पुलिस जवानों को अपराधियों की तलाश में लगाया गया है।
पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से जांच कर रही है। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
बड़ी वारदात से फिर उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
चौपारण में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच सिंघरावां में हुई इस बड़ी डकैती ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।हथियारबंद अपराधियों द्वारा घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाना बताता है कि अपराधियों में पुलिस का भय किस हद तक है, यह जांच का विषय है। वहीं क्षेत्र में चोरी, अवैध शराब, आपराधिक गतिविधियों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की लगातार चर्चा के बीच इतनी बड़ी वारदात से लोगों में चिंता बढ़ी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौपारण में अवैध गतिविधियों का पैर एक बार फिर जमता दिखाई दे रहा है, ऐसे में पुलिस को अपराध और अवैध कारोबार के नेटवर्क पर भी सख्ती से कार्रवाई करने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती नकाबपोश अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करना और लूटे गए सामान की बरामदगी करना है।