- केसरगढ़ा-जमुनिया में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार संचालित
- रत्नेश कुमार ने ट्वीट के माध्यम से कार्रवाई की मांग की
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा/धनबाद। बाघमारा क्षेत्र अंतर्गत केसरगढ़ा और जमुनिया में बड़े पैमाने पर कथित अवैध कोयला कारोबार संचालित अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
रत्नेश कुमार का आरोप है कि केसरगढ़ा और जमुनिया क्षेत्र में कोयला सिंडिकेट द्वारा कथित रूप से अवैध खनन और कोयले की तस्करी की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पूर्व में भू-धंसान जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद अवैध खनन पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे जिलों से मजदूरों को बुलाकर कथित रूप से जोखिमपूर्ण अवैध खदानों में उतारा जाता है। उनका कहना है कि ऐसी अवैध कोयला कारोबार के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है और मजदूरों की जान खतरे में पड़ सकती है।
रत्नेश कुमार के अनुसार, कथित रूप से अवैध खदानों से निकाले गए कोयले को पहले ट्रैक्टरों के माध्यम से एकत्र किया जाता है और बाद में रात के समय ट्रकों में लादकर जमुनिया नदी के नए पुल और हीरक रोड के रास्ते ईंट-भट्ठों तक पहुंचाने का आरोप है। उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के जरिए दूसरे राज्यों तक कोयला भेजे जाने की भी जांच की मांग की है।
उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच और अवैध खनन एवं कोयला तस्करी पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने कहा कि धनबाद एसएसपी द्वारा अवैध कारोबार पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन कथित रूप से कुछ लोग कार्रवाई से बचकर अपना कारोबार जारी रखे हुए हैं।