- ज्ञानेश कुमार को काले पानी की सजा होनी चाहिए, चुनाव आयोग को बना दिया सरकारी दफ्तर : सुखदेव भगत का बड़ा हमला
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। वोट चोरी के मामले पर लोहरदगा सांसद सह छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने इस्तीफे की मांग की है, तमाम बड़े नेता मांग कर रहे हैं, और यह मामला किसी एक पार्टी का नहीं, पूरे देश के लिए गंभीर है। श्री भगत ने कहा कि संविधान ने चुनाव आयोग को निष्पक्ष और स्वतंत्र बनाया है।
अगर वही निष्पक्ष न हो और किसी दल विशेष, सरकार विशेष के लिए काम करे, तो यह संविधान के विपरीत है। वोट के अधिकार का इन्होंने उल्लंघन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने एक सरकारी दफ्तर की तरह काम किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कल भाजपा ने प्रभारियों की लिस्ट जारी की, मैं उसमें ज्ञानेश कुमार का नाम देख रहा था।
श्री भगत ने कहा कि जिस पद पर वो हैं और जितना बड़ा कुकृत्य उन्होंने किया है, उनकी सजा तो काले पानी की सजा होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी लगातार प्रमाणों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस और सदन के अंदर-बाहर जिन बातों को रख रहे थे, वो आज सत्य साबित हो रही हैं। सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।
श्री भगत ने कहा कि चुनाव आयोग घुन की तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर कर रहा है, इसलिए अब NDA के सहयोगी दल और चिराग पासवान जैसे नेता भी चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण की मांग कर रहे हैं।