- रात 11:10 बजे स्कूटी रोकते ही खुला बड़ा राज
- चाकू-छुरी में धार लगाने की आड़ में करता था बंद घरों की रेकी, फिर तोड़ता था ताला
टीम एबीएन, रांची। रांची पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टाटीसिलवे थाना पुलिस ने रांची-पुरुलिया मेन रोड पर रात में चेकिंग के दौरान एक शातिर चोर को चोरी के सोने-चांदी के गहनों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का तरीका जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। वह दिन में चाकू-छुरी में धार लगाने का काम करता था और इसी आड़ में बंद घरों की रेकी करता था, फिर रात में अपने साथियों के साथ मिलकर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
कैसे पकड़ा गया आरोपी? फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचा
घटना 24 सितंबर की रात करीब 11:10 बजे की है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में रांची-पुरुलिया मेन रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान रांची की ओर से एक स्कूटी (नंबर JH09 AY 6729) पर दो युवक तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन स्कूटी चालक ने स्कूटी मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्कूटी चालक को धर दबोचा, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पकड़े गए युवक की पहचान हरिशंकर पाती उर्फ हरिशंकर कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बोकारो के गोमिया थाना क्षेत्र स्थित जारंगडीह का रहने वाला बताया गया है।
पैंट की जेब से निकले सोने-चांदी के गहने, उगला पूरा सच
पुलिस के मुताबिक, जब स्कूटी के कागजात मांगे गए तो युवक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह गहराने पर जब उसकी तलाशी ली गई तो पुलिस के होश उड़ गए। उसकी पैंट की जेब से सोने-चांदी के कई आभूषण बरामद हुए।
सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 22 सितंबर की रात उसने अपने फरार साथी के साथ मिलकर गोदलीपोखर रिंग रोड और टाटीसिलवे इलाके में पेट्रोल पंप के पीछे स्थित दो बंद घरों का ताला तोड़कर चोरी की थी।
आरोपी ने बताया कि वह और उसके साथी घूम-घूमकर चाकू, छुरी में धार लगाने का काम करते हैं। इसी दौरान वे सूने और बंद मकानों को चिन्हित कर रेकी करते हैं और रात में मौका देखकर वारदात को अंजाम देते हैं।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में गहने बरामद किए हैं
- सोने की एक जोड़ी टॉप
- सोने की एक जोड़ी बाली
- चांदी की चेन
- चांदी की चाभी रिंग
- दुल्हन की पायल
- बच्चों की पायल
- मोती की माला
- चोरी में प्रयुक्त स्कूटी (JH09 AY 6729)
इस मामले में टाटीसिलवे थाना कांड संख्या 95/2026 दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल कार्रवाई में टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव, पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार साव, चूड़ामणि टुडू, सहायक अवर निरीक्षक अरुण कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।