Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 33
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

भू-धंसान और ई-मेगा प्रोजेक्ट के विरोध में सत्याग्रह कल

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
भू-धंसान और ई-मेगा प्रोजेक्ट के विरोध में सत्याग्रह कल
विज्ञापन
  • भू-धंसान और ई-मेगा प्रोजेक्ट के विरोध में 27 सितंबर को सत्याग्रह
  •  कतरास कोयलांचल बचाओ समिति ने भरी हुंकार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास। लगातार हो रहे भू-धंसान और प्रस्तावित ई-मेगा प्रोजेक्ट के विरोध में कतरास कोयलांचल बचाओ समिति ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को भारतीय क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के सदस्यों ने कहा कि कोयलांचल में बढ़ते भू-धंसान से लोगों के सामने घर-बार छोड़कर पलायन का संकट खड़ा हो गया है।

समिति के सदस्यों ने बिना नाम लिए कहा कि पिछले 17 वर्षों से क्षेत्र में एकछत्र राजनीतिक प्रभाव रहा, लेकिन आज जब लोग आपदा के बीच खड़े हैं, तो उन्हें संबंधित नेतृत्व की मौजूदगी और सक्रिय हस्तक्षेप का इंतजार है। समिति ने कहा कि अब स्थानीय लोग अपनी लड़ाई खुद लड़ेंगे और भू-धंसान तथा विस्थापन के मुद्दे पर निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।

समिति ने बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन से अविलंब अवैध कोयला खनन पर रोक लगाने, भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों एवं भूमिगत खदानों में बालू भराई कराने तथा भूमिगत खदानों का सर्वे कराकर वैज्ञानिक तरीके से खनन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

इन मांगों को लेकर 27 सितंबर 2026 को कतरास थाना चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय सत्याग्रह आंदोलन किया जाएगा।

समिति ने कहा कि भू-धंसान की घटनाएं केवल जमीन धंसने का मामला नहीं हैं, बल्कि इससे लोगों की सुरक्षा, आवास और भविष्य सीधे प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

प्रेस वार्ता में अशोक प्रकाश लाल, प्रभात मिश्रा, विनय सिंह, नवदीप गुप्ता, सुदाम गिरी, डॉ. विनोद गोस्वामी, राजेंद्र प्रसाद राजा, जावेद रजा, राजीव रंजन मिश्रा, शंकर चौहान, उमेश ऋषि, बाबू वर्मन, नवल किशोर सिंह, रणवीर सिंह, मो. बंटी समेत अन्य लोग मौजूद थे।

विज्ञापन