आॅपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ की कार्रवाई
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जपला रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आॅपरेशन सतर्क के तहत चेकिंग अभियान के दौरान 128 बोतल झारखंड निर्मित देसी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 30.1 लीटर और अनुमानित कीमत 5,760 रुपये बताई गई है।आरपीएफ के अनुसार, 24 सितंबर को जपला स्टेशन पर एसीपी की रोकथाम, ज्वलनशील पदार्थों की जांच, आपराधिक गतिविधियों की निगरानी और अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान बरवाडीह-डेहरी आॅन सोन सवारी गाड़ी संख्या 53357 अप के जपला स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंचने के बाद सामान्य कोच संख्या EC-104635 में जांच की गई। जांच के दौरान आगे वाले गेट के पास सीट के नीचे एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी लावारिस हालत में मिली। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने बोरी पर अपना दावा नहीं किया। आरपीएफ ने बोरी को कब्जे में लेकर स्टेशन पर गवाहों की मौजूदगी में खोला।
इसमें 60 बोतल (200 टछ) छबीली देसी शराब, 45 बोतल (300 टछ) टनाका देसी शराब और 23 बोतल (200 टछ) रसीली टाइट देसी शराब मिली। सभी बोतलों पर For Sale in Jharkhand Only अंकित था। आरपीएफ ने शराब को जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद अधीक्षक, पलामू को भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। कार्रवाई में उप निरीक्षक रामनरेश राम, प्रधान आरक्षी राजनाथ, आरक्षी मो। कबीर खान और आरक्षी होरी प्रसाद शामिल रहे।