कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी : सांसद
चुनाव आयुक्तों के 14 आपत्तियों को दबाया गया, मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी हो
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। सांसद सह छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत ने चुनाव आयोग और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक पद्धतियों का हनन किया जा रहा है। श्री भगत ने कहा कि हम संविधान और उसके प्रावधानों में पूरी तरह विश्वास रखते हैं। जैसा कि प्रतिपक्ष के नेता आदरणीय राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के माध्यम से हो रहे अन्याय का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं।
यह लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर है अब दो चुनाव आयुक्त ने वही सवाल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के सामने उठाये हैं। यह लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर है। लगातार मतदान की चोरी की हो रही है, ये कृत्य सरकार के संरक्षण में, प्रधानमंत्री मोदी के संरक्षण में किये गये हैं।
श्री भगत ने कहा कि संविधान ने चुनाव आयोग को स्वतंत्र बनाया है, लेकिन ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग को मोदी सरकार का सरकारी विभाग बना दिया है। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं का उल्लंघन किया है। उनमें अगर नैतिकता है तो वो इस्तीफा दें, नहीं तो उनकी गिरफ्तारी होनी चाहिए क्योंकि उनके खिलाफ दो चुनाव आयुक्त ने 14 आपत्तियां दर्ज करायी है।
उन्होंने कहा कि आयोग ने लगभग 1 करोड़ 30 लाख नाम काटे हैं, लेकिन जिम्मेदारी के साथ एक भी नया नाम नहीं जोड़ा है। चुनाव आयोग सवालों से बच रहा है, जवाबदेही से बच रहा है। श्री भगत ने यह भी कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने कि यह लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर है कांग्रेस पार्टी संविधान बचाने के लिए संसद से लेकर सड़क तक लड़ेगी।