टीम एबीएन, रांची। जोहार लॉर्ड बुद्धा फाउंडेशन एवं भारत विकास परिषद् की रांची मध्य एवं महानगर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में हुंडरू जारा गांव में दिशोम गुरु बाल संस्कार केंद्र का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि लक्ष्मी सराफ, विशिष्ट अतिथि ओमप्रकाश सराफ एवं इंजीनियर ग्रीश प्रसाद सिंह ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया। मौके पर जोहार लॉर्ड बुद्धा फाउंडेशन के सीईओ डॉ. भारत भूषण एवं जुगल किशोर वेदिया सहित गांव के बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि लक्ष्मी सराफ ने कहा कि यह केंद्र बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनजातीय समुदाय के बच्चों को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करेगा।
इंजीनियर ग्रीश प्रसाद सिंह जी ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में इस प्रकार के और भी केंद्र स्थापित किए जाने चाहिए, ताकि बच्चों को शिक्षा एवं विकास के बेहतर अवसर मिल सकें। ओमप्रकाश सराफ जी ने कहा कि शिक्षा और संस्कार के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान किए जा सकते हैं।
जोहार लॉर्ड बुद्धा फाउंडेशन के सीईओ डॉ. भारत भूषण ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी जीवनभर आदिवासी समाज के उत्थान एवं अधिकारों के लिए प्रयासरत रहे। उनका सपना था कि समाज के लोग जागरूक हों, संगठित हों और शिक्षा के लिए निरंतर प्रयास करते रहें।
डॉ. भारत भूषण ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के विचारों एवं सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से दिशोम गुरु बाल संस्कार केंद्र की शुरूआत की गई है। इस केंद्र का उद्देश्य केवल बच्चों को पढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास एवं सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना है।
जोहार लॉर्ड बुद्धा फाउंडेशन द्वारा श्रीमती लक्ष्मी सराफ जी को दिशोम गुरु बाल संस्कार केंद्र का मुख्य संरक्षक नियुक्त किया गया है। उनकी देखरेख एवं मार्गदर्शन में केंद्र के शैक्षणिक एवं संस्कारात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जायेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जुगल किशोर वेदिया, बुद्धराम वेदिया, मदन कुमार वेदिया, चरबा भगत एवं सवित्री कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में हुंडरू जारा गांव के बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य लोगों की भी उपस्थिति रही।