- धनबाद : चार दिनों से लापता किशोर का जंगल में मिला शव
- पेड़ से लटका मिला कृष्णा टुडू; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
एबीएन न्यूज नेटवर्क, राजगंज/ धनबाद। चार दिनों से लापता किशोर कृष्णा टुडू का शव गुरुवार को गांव से दूर महतोटांड़ जंगल में पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव कई दिनों से जंगल में पड़े रहने के कारण क्षतिग्रस्त अवस्था में था।
शव मिलने की सूचना पर राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
बताया गया कि कृष्णा के लापता होने के बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान महतोटांड़ जंगल में उसका शव पेड़ से लटका मिला।
मृतक के पिता राजू टुडू समेत अन्य परिजनों ने गांव के ही एक परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि शनिवार को उक्त परिवार के कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे और कृष्णा को संभलकर रहने की बात कहते हुए कथित तौर पर धमकी दी थी। परिजनों ने इस घटनाक्रम को कृष्णा की मौत से जोड़ते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।
हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। स्थानीय स्तर पर घटना को कथित प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी चर्चा की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।