सुबह 9.10 बजे से सुबह 10.10 बजे तक पिस्टल के बल पर कर्मचारियों को बनाया बंधक
पांच हथियारबंद अपराधियों ने करीब एक घंटे तक बैंक में मचाया तांडव
20 पुलिस अधिकारियों की एसआईटी जांच में जुटी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक शाखा में गुरुवार सुबह हथियारबंद पांच अपराधियों ने करीब एक घंटे तक डकैती की। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को पिस्टल के बल पर काबू में लिया और चेस्ट खुलवाकर नकदी व सोना लेकर फरार हो गये। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 42 लाख रुपये नकद और सोना लूटे जाने की बात सामने आयी है। हालांकि, लूटी गयी संपत्ति का अंतिम आंकड़ा बैंक के सत्यापन के बाद स्पष्ट होगा।
बैंक के चपरासी आकाश के अनुसार, शाखा सुबह करीब 9:10 बजे खुली थी। कर्मचारी साफ-सफाई में जुटे थे। इसी दौरान तीन युवक बैंक के अंदर पहुंचे। एक ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। विरोध करने पर उन्हें जमीन पर गिराकर हाथ बांध दिये गये और एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार यादव को भी अपराधियों ने निशाना बनाया।
आकाश के मुताबिक, अपराधियों ने उसके सिर पर पिस्टल से वार कर उसे घायल कर दिया। कुछ देर बाद चीफ मैनेजर के बैंक पहुंचते ही अपराधियों ने उनके सिर पर भी हथियार तान दिया। इसके बाद उनसे जबरन बैंक का चेस्ट खुलवाया गया। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, अपराधियों की कुल संख्या पांच थी और वे करीब 9:10 बजे से 10:10 बजे तक बैंक के भीतर रहे। नकदी और सोना समेटने के बाद सभी अपराधी वहां से निकल गये।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। गोलमुरी थाना में कांड संख्या 103/26, 24 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2)/311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। अपराधियों की गिरफ्तारी और डकैती के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक (नगर), पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) गठित की गयी है। टीम में कुल 20 पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं।
पुलिस अब घटना से जुड़े तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक विज्ञप्ति में अपराधियों के भागने की दिशा और लूटी गयी रकम का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा नहीं दिया गया है। इसलिए लूट की राशि और अन्य सामान का अंतिम आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।