भयातुर लोग विरोध में अहिंसक रुप से बीसीसीएल का ईंट से ईंट बजाने की तैयारी में!
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कतरास एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रहे भू-धंसान तथा बीसीसीएल के मेगा प्रोजेक्ट के विरोध में कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा द्वारा आहूत बंद का गुरुवार को कतरास में जोरदार असर देखने को मिला। बंद के कारण कतरास के सभी प्रमुख बाजार, मार्केट, कॉम्प्लेक्स और छोटी-बड़ी दुकानें पूरी तरह बंद रहीं।
सड़कों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा आवाजाही काफी कम रही। सुबह से ही मोर्चा के कार्यकर्ता विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करते नजर आये। बंद के दौरान बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार हो रहे भू-धंसान से लोगों में भय का माहौल है और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं सुरक्षा को लेकर ठोस पहल की जरूरत है। कतरास पुलिस दुकानदारों को अपनी दुकानें खोलने के लिए प्रेरित भी किया लेकिन विरोध में एकजुटता दिखाते हुए दुकानदारों ने अपनी-अपनी प्रतिषठानें बंद रखी।