आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा 4 माह से मजदूरों का भुगतान लंबित, सांसद सुखदेव भगत से लगाई न्याय की गुहार
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा नगर परिषद में कार्यरत दर्जनों मजदूर आज संघ के अध्यक्ष महेश सिंह के नेतृत्व में लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत के आवास पहुंचे और उनसे मुलाकात की। मजदूरों ने सांसद को बताया कि श्री श्याम एस डब्ल्यू एम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा आउटसोर्सिंग के माध्यम से उनसे काम लिया जाता है, जो मजदूरों का भुगतान करती है। लेकिन पिछले 4 माह से मजदूरों का भुगतान नहीं हो रहा है।
मजदूरों ने कहा कि भुगतान न होने से उनके सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। इतना बड़ा करम पर्व भी बीत गया, फिर भी भुगतान नहीं हुआ। बाल-बच्चों की पढ़ाई, दवाई और इलाज को लेकर वे गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने सांसद से जल्द से जल्द भुगतान कराने की मांग की।
सांसद सुखदेव भगत ने मजदूरों को आश्वस्त देते हुए कहा कि मजदूरों पर हो रहे शोषण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, उन्हें पूरा न्याय दिलाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने मौके पर से कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव शर्मा से फोन पर बात की और कहा कि 4 माह से मजदूरों का भुगतान नहीं हो रहा है, उनके सामने भूखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। मजदूरों का शोषण बर्दाश्त नहीं करूंगा, मजदूरों का तुरंत भुगतान किया जाये।
शर्मा जी ने सांसद को बताया कि नगर परिषद लोहरदगा समय से किये गये कार्यों का बिल विभाग में नहीं भेजता है जिसके कारण उन्हें राशि नहीं मिल पाता है और इसी कारण से मजदूरों का समय से भुगतान नहीं हो पता है। इस पर सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिया मैं कुछ नहीं जानता, आप कहीं से भी भुगतान करें। उन्होंने इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी निर्देश दिया कि मजदूरों का भुगतान करने में तुरंत कार्रवाई करें।
श्री भगत ने कहा कि मैं अभी दिल्ली जा रहा हूं, उधर से लौटकर आउटसोर्सिंग कंपनी के पदाधिकारियों और नगर परिषद के पदाधिकारियों के साथ वार्ता करके समस्या का स्थायी निदान करूंगा, ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो। मजदूरों के साथ शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करूंगा।