- कोडरमा स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में लगी आग, समय रहते पाया गया काबू
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कोडरमा। कोडरमा जंक्शन से हजारीबाग टाउन होते हुए बरकाकाना जाने वाली 53373 कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में गुरुवार को अचानक आग लगने से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर खड़ी थी और दोपहर 3:15 बजे रवाना होने वाली थी।
आग ट्रेन की सबसे पीछे वाली बोगी में लगी थी। यात्रियों द्वारा अंतिम कोच से धुआं निकलता देख तत्काल रेलकर्मियों को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया।
इसके बाद आरपीएफ कर्मियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।प्राथमिक स्तर पर सात फायर स्टिंगर तथा रेल परिसर में लगे नल से पाइप के माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया।
बताया गया कि जिस अंतिम कोच में आग लगी थी, वह दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित था। घटना के समय उस कोच में कोई यात्री सवार नहीं था। वहीं ट्रेन के अन्य कोचों में यात्री अपनी सीटों पर बैठे हुए थे।आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
घटना के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक पर बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। यात्रियों ने बताया कि ट्रेन में बैठने के दौरान अचानक कुछ जलने की गंध आने लगी। बाहर निकलकर देखने पर पीछे वाली बोगी से तेज धुआं निकलता दिखाई दिया। आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ कर्मी मौके पर मौजूद रहे।
वहीं स्टेशन मास्टर विकास कुमार ने बताया कि ट्रेन कुछ ही देर में रवाना होने वाली थी, तभी अंतिम बोगी से धुआं निकलने की सूचना यात्रियों से मिली। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया गया और बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आग पूरी तरह बुझा दी।