- लोहरदगा : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी पुत्री त्रिशा सिंह समेत चार की मौत, धीरज साहू ने जताया गहरा शोक
टीम एबीएन, लोहरदगा/ रांची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी पुत्री त्रिशा सिंह समेत सड़क हादसे में चार लोगों की मौत पर गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया है।उन्होंने इस दर्दनाक हादसे को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी पुत्री त्रिशा सिंह के निधन की अत्यंत दुखद सूचना मिली। इतनी कम उम्र में परिवार के किसी सदस्य को खो देना बेहद पीड़ादायक और असहनीय है। उन्होंने कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। यह घटना पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
साहू ने कहा कि सड़क हादसे में चार लोगों की असमय मौत ने सभी को गहरे शोक में डाल दिया है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दुख की इस घड़ी में परिजनों को धैर्य एवं संबल प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि दिवंगत आत्माओं को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपनों को खोने का दुःख जीवन की सबसे बड़ी पीड़ाओं में से एक है। इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह एवं उनके पूरे परिवार के साथ हैं।