- मरीन ड्राइव पर खड़े ट्रक में तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चार की मौत
- झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत दो युवतियों और दो युवकों ने गंवाई जान
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। रांची टाटा रोड के मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे पहले से खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं। उनके अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की भी हादसे में मौत हुई है। मृतकों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि हादसा गुरुवार तड़के करीब तीन बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त कार को देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, कार की गति कितनी थी और चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।