- धनबाद : पुलिस-अपराधी मुठभेड़: दोनों ओर से हुई फायरिंग, एक अपराधी को लगी गोली
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र के ईस्ट बसुरिया में बुधवार देर शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस और अपराधियों की ओर से फायरिंग हुई। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक अपराधी को पुलिस की गोली लगने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, वासेपुर के भूली मोड़ पर हुई फायरिंग की घटना के आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बाइक से भाग रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। ईस्ट बसुरिया इलाके में पुलिस और अपराधियों का आमना-सामना हुआ, जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में जांच अभियान तेज कर दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मुठभेड़ में शामिल अन्य अपराधी कौन थे और गोलीबारी के बाद वे किस दिशा में फरार हुए।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले वासेपुर के भूली मोड़ पर बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग की थी। इस घटना में शानू खान, दुकानदार सद्दाम और महिला कुमकुम घायल हुए थे। पुलिस इसी मामले में आरोपियों की तलाश कर रही थी।