थम नहीं रहा हाथियों का आतंक, तमाड़ के बाड़ू गांव में हाथियों ने कई एकड़ धान की फसल को किया बर्बाद
एबीएन न्यूज नेटवर्क, तमाड़। प्रखंड के बाड़ू गांव में बुधवार को हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। अचानक गांव के खेतों में 6 से 7 हाथियों का झुंड पहुंच गया और कई एकड़ में लगी धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। हाथियों के अचानक खेतों में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
किसानों का कहना है कि महीनों की मेहनत से तैयार की गई धान की फसल कुछ ही समय में हाथियों के कारण नष्ट हो गयी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को जानकारी दी। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ा जाए और फसल नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाये।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गयी टीम द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उन्हें आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथियों के लगातार बढ़ते आवागमन को देखते हुए स्थायी समाधान और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।