राज्य स्तरीय टीम ने खंगाली निर्माण की गुणवत्ता
दर्शन पुल-बासोडीह-गावां सड़क में अनियमितता की शिकायत पर पहुंची टीम, कई जगहों पर मिली त्रुटियों में सुधार का निर्देश
एबीएन न्यूज नेटवर्क, सतगावां। दर्शन पुल, भाया बासोडीह से गावां तक करीब 30 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर बुधवार को राज्य स्तरीय जांच टीम सतगावां पहुंची। कोडरमा सांसद सह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की ओर से मुख्यमंत्री को की गयी लिखित शिकायत के बाद जांच टीम ने सड़क के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया।
टीम ने कई स्थानों पर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की स्थिति की जांच की। जांच के दौरान सामने आयी त्रुटियों में सुधार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। बताया गया कि पथ प्रमंडल की ओर से करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 30 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य में अनियमितता को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार सवाल उठ रहे थे।
इसी मामले को लेकर पत्रकारों की ओर से केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के समक्ष भी मामला रखा गया था। इसके बाद मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सड़क निर्माण में कथित अनियमितता की जांच कराने की मांग की थी कुछ दिन पूर्व इसी सड़क पर दुर्घटना में दो लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की स्थिति और निर्माण कार्य को लेकर आक्रोश जताते हुए घंटों सड़क जाम किया था।
मौके पर पहुंचे बीडीओ मनोज कुमार रवि और थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया था। इसके बाद सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर जांच की मांग और तेज हो गयी थी। जांच टीम ने सड़क के कई हिस्सों में निर्माण कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, निर्माण में इस्तेमाल सामग्री समेत विभिन्न बिंदुओं की जांच की।
जांच में जहां भी त्रुटियां पायी गयी, वहां आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया। जांच टीम द्वारा तैयार रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंपी जायेगी। जांच टीम में सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, पथ अंचल हजारीबाग के नेतृत्व में मिथिलेश कुमार, कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल धनबाद तथा सुभाष प्रसाद, कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल हजारीबाग शामिल थे। मौके पर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता विवेक कुमार, समाजसेवी दीपेश अग्रवाल, माले नेता धनंजय यादव, विक्रम यादव समेत अन्य लोग मौजूद थे।