Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 44
होम देश झारखंड राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

धनबाद : अंधाधुंध फायरिंग में महिला घायल, बची जान

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
धनबाद : अंधाधुंध फायरिंग में महिला घायल, बची जान
विज्ञापन
  • गैंग्स ऑफ वासेपुर की हकीकत से हुआ सामना
  • यूपी की कुमकुम को लगी गोली; अंधाधुंध फायरिंग में बाल-बाल बची जान

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिला स्थित वासेपुर की गलियों और अपराध की दुनिया को बड़े पर्दे पर दिखाने वाली फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर भले ही चर्चित रही हो। लेकिन इसी वासेपुर की हकीकत का सामना 19 वर्षीय कुमकुम खातून को सोमवार को खौफनाक तरीके से करना पड़ा।

 उत्तर प्रदेश के गोंडा की रहने वाली कुमकुम अपराधियों की अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आकर घायल हो गईं। गोली लगने के बावजूद उनकी जान बच गई। फिलहाल उनका धनबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

शादी समारोह में शामिल होने आई थी कुमकुम

कुमकुम खातून अपनी नानी के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए गोंडा से धनबाद आई थीं। सोमवार, 21 सितंबर को वह अपनी मौसी चंदा खातून के साथ पुराना बाजार में खरीदारी करने जा रही थीं।

दोनों भूली मोड़ के पास से गुजर रही थीं, तभी दो बाइक सवार अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने दस से अधिक राउंड फायरिंग की। इसी दौरान कुमकुम गोली की चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि हमलावर गैंगस्टर फहीम खान के भाई शानू को निशाना बनाकर फायरिंग कर रहे थे।

मौसी ने दिखाई बहादुरी, भांजी को बचाया

अचानक हुई गोलीबारी के बीच कुमकुम की मौसी चंदा खातून ने अदम्य साहस दिखाया। गोलियों की बौछार के बीच उन्होंने अपनी भांजी को पकड़कर जमीन पर बैठा लिया। 

हालांकि इस दौरान एक गोली कुमकुम को लग गई। घायल कुमकुम को तत्काल अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन कर गोली के छर्रे बाहर निकाले। मंगलवार को डॉक्टरों ने बताया कि कुमकुम की स्थिति अब खतरे से बाहर है।

अस्पताल के बिस्तर से बोली कुमकुम- ऐसा मंजर पहले कभी नहीं देखा

अस्पताल में इलाजरत कुमकुम ने अपने स्वजनों को बताया कि उसने अपने जीवन में ऐसा भयानक मंजर पहले कभी नहीं देखा था। उसने कहा कि फिल्मों में वासेपुर और गोलीबारी के जो दृश्य देखे थे, वैसा ही मंजर उसकी आंखों के सामने वास्तविक जिंदगी में आ गया। 

कुमकुम ने कहा कि खुदा का शुक्र है कि उसकी मौसी की वजह से आज दोनों सुरक्षित हैं। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को गोंडा, उत्तर प्रदेश से कुमकुम के कई रिश्तेदार धनबाद पहुंचे और अस्पताल में उसका हालचाल जाना। 

वासेपुर में हुई इस गोलीबारी के बाद इलाके में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और आपराधिक गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फायरिंग के पीछे के कारणों तथा हमलावरों की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

विज्ञापन