सांसद सुखदेव भगत ने पूजा स्थल का किया निरीक्षण
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। मैंना बगीचा, लोहरदगा में नव युवक सरना समिति के द्वारा प्रत्येक वर्ष भव्य रूप से करमा पूजनोत्सव कार्यक्रम मनाया जाता है। आज लोहरदगा लोकसभा सांसद सह छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत पूजा स्थल पहुंचे और वहां कराये जा रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
सांसद ने कहा कि करमा पूजा हमारी आदिवासी संस्कृति, प्रकृति और भाईचारे का महान पर्व है। मौके पर सांसद सुखदेव भगत ने संदेश देते हुए कहा कि करम पर्व प्रकृति पर्व, बहनों के स्नेह और भाईचारे का प्रतीक है। मैंना बगीचा में विगत कई वर्षों से हम सब मिलकर जिस श्रद्धा और उल्लास के साथ करमा पूजनोत्सव मनाते आ रहे हैं, इस वर्ष भी उसे उसी भव्यता के साथ मनायेंगे।
मेरी कोशिश रही है कि यह उत्सव सिर्फ पूजा न रहे, बल्कि हमारी संस्कृति, लोकगीत, मांदर की थाप और आदिवासी अस्मिता का उत्सव बने। पूजा स्थल की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था के निर्देश मैंने दिये हैं।
मैं लोहरदगा की समस्त जनता, माताओं-बहनों और युवाओं से अपील करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस पावन उत्सव को सफल बनायें। करम देवता से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आये।