- लोहरदगा : गुदरी बाजार में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के कार्यालय का उद्घाटन
- सांसद सुखदेव भगत बोले- पूजा के साथ समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता की धारा भी बहे
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। शहर के गुदरी बाजार स्थित केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के कार्यालय का उद्घाटन सोमवार कोh किया गया। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत, समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष रमेश साहू, महामंत्री कुणाल वर्मा, संरक्षक प्रवीण कुमार सिंह, ओम प्रकाश सिंह समेत अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके बाद मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की गई।
उद्घाटन के मौके पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना में शक्ति और भक्ति के साथ अपनापन, भाईचारा और समन्वय की भावना भी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि पूजा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से समाज को एक सूत्र में जोड़ने और लोगों के बीच प्रेम की भावना को मजबूत करने का प्रयास भी होना चाहिए।
सांसद ने कहा कि भारत की शाश्वत परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों की जड़ें काफी गहरी हैं। इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति नई ऊर्जा और नए उत्साह के साथ काम करे, ऐसी उनकी अपेक्षा है। उन्होंने समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष रमेश साहू को ऊर्जावान बताते हुए उनके नेतृत्व में पूजा आयोजन को बेहतर तरीके से संचालित किए जाने की उम्मीद जताई।
सुखदेव भगत ने कहा कि सांसद के साथ-साथ लोहरदगा का बेटा और एक भाई होने के नाते भी वे समिति के साथ खड़े हैं। समिति की ओर से जो भी अपेक्षा होगी, उसे पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की सफलता की कामना की।